बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में यात्रियों से भरी एक चलती बस में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी बस आग की लपटों में घिर गई और जलकर राख हो गई। गनीमत रही कि बस में सवार यात्रियों ने समय रहते नीचे कूदकर अपनी जान बचा ली। घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
मालीघोरी गांव के पास हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, सुपर आनंद कंपनी की बस राजनांदगांव से बालोद की ओर जा रही थी। इसी दौरान मालीघोरी गांव के पास अचानक बस में आग लग गई। घटना के समय बस में करीब 10 से 15 यात्री सवार थे।
बस से आग की लपटें उठती देख यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, सभी यात्रियों ने सूझबूझ दिखाते हुए तत्काल बस से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचकर अपनी जान बचाई।
आग बुझाने की कोशिश नाकाम, बस जलकर राख
बस में आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण उसे काबू नहीं किया जा सका। कुछ ही देर में पूरी बस जलकर राख हो गई।
फिलहाल बस में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद बालोद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।





