जगदलपुर। शहर के धरमपुरा स्थित विशाल मेगा मार्ट में पार्किंग को लेकर हुए विवाद ने तूल पकड़ लिया और मामला मारपीट तक पहुंच गया। पार्किंग में ड्यूटी पर तैनात एक बुजुर्ग सुरक्षा गार्ड के साथ एक युवक ने कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और उन्हें जमीन पर गिराकर घसीटा। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

एफआईआर की मांग तेज

वायरल वीडियो में बुजुर्ग गार्ड खुद को बचाने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं, जबकि आरोपी युवक लगातार उन पर हमला करता दिख रहा है। घटना के बाद गार्ड की बेटी ने आरोपी के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कर सख्त कार्रवाई और एफआईआर की मांग की है।

इस घटना को लेकर सुरक्षा कर्मियों की सुरक्षा व्यवस्था और सार्वजनिक स्थलों पर बढ़ती हिंसक घटनाओं पर सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है और पीड़ित परिवार न्याय की मांग कर रहा है।