बिलासपुर। जिले के सीपत क्षेत्र स्थित एक शासकीय स्कूल में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब कक्षा 12वीं की एक छात्रा की अचानक तबीयत बिगड़ गई। छात्रा प्रार्थना के दौरान चक्कर खाकर गिर पड़ी। स्कूल प्रबंधन ने तत्काल परिजनों को सूचना दी और उसे उपचार के लिए सिम्स अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

मामला खैरा डगनिया शासकीय हाई स्कूल का है। जानकारी के अनुसार, 18 वर्षीय शिवानी केंवट रोज की तरह स्कूल पहुंची थी। प्रार्थना के दौरान अचानक उसकी तबीयत खराब हुई और वह गिर गई। इसके बाद स्कूल स्टाफ ने उसे अस्पताल पहुंचाया।

बैग में मिला नींद की गोलियों का खाली रैपर

छात्रा के स्कूल बैग की जांच में नींद की गोलियों का खाली रैपर मिला है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, छात्रा ने कथित रूप से नींद की गोलियों का अधिक सेवन किया था। हालांकि उसने ऐसा कदम क्यों उठाया, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

घटना के कारणों को लेकर परिजनों और स्कूल स्टाफ से जानकारी जुटाई जा रही है। छात्रा की स्थिति स्थिर बताई गई है। मामले में वास्तविक कारण जांच और संबंधित पक्षों के बयान सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।