जांजगीर-चांपा। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पामगढ़ थाना पुलिस ने एक व्यक्ति को 10 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दी दबिश
पुलिस के अनुसार, पामगढ़ थाना टीम को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अवैध रूप से महुआ शराब रखकर उसकी बिक्री की तैयारी कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश देकर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा।
पूछताछ में आरोपी की पहचान रविदास महंत (43) के रूप में हुई। वह मूल रूप से सरखो चौकी नैला का निवासी है और वर्तमान में पामगढ़ क्षेत्र में रह रहा था। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 10 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब दो हजार रुपये बताई गई है।
वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका आरोपी
पुलिस ने बताया कि आरोपी शराब रखने और बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद उसके खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तारी की गई। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।





