रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने दो मंत्रियों की निजी स्थापना (पर्सनल स्टाफ) में बदलाव करते हुए नए अधिकारियों की तैनाती की है। सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) की ओर से जारी अलग-अलग आदेशों के तहत महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और उप मुख्यमंत्री अरुण साव के कार्यालय में नई नियुक्तियां की गई हैं। इनमें से एक आदेश में पात्रता संबंधी प्रावधानों में विशेष छूट दी गई है, जिसे सरकार ने विशेष प्रकरण के रूप में स्वीकृति दी है।

जारी आदेश के अनुसार, महिला एवं बाल विकास विभाग में संयुक्त संचालक तथा वर्तमान में बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सचिव के रूप में कार्यरत प्रतीक खरे की सेवाएं मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की निजी स्थापना के लिए ली गई हैं। उन्हें अस्थायी रूप से विशेष सहायक के पद पर नियुक्त किया गया है।

वहीं, दूसरे आदेश के तहत जल संसाधन विभाग में पदस्थ सहायक अनुभाग अधिकारी भूपेन्द्र सिंह ध्रुव को उप मुख्यमंत्री अरुण साव की निजी स्थापना में सहायक ग्रेड-3 के पद के विरुद्ध अस्थायी रूप से पदस्थ किया गया है।

गौरतलब है कि उप मुख्यमंत्री अरुण साव के पास लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा खेल एवं युवा कल्याण जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी है। ऐसे में उनकी निजी स्थापना में किया गया यह बदलाव प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।