कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में मामूली डांट के बाद हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र के ग्राम पुरैना में शराब के नशे में घर पहुंचे एक युवक ने कथित तौर पर अपनी मौसी पर लकड़ी और डंडे से हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या का मामला दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान 45 वर्षीय तीरथराम यादव के रूप में हुई है। वह शराब के नशे में घर पहुंचा था। उस समय उसकी 55 वर्षीय मौसी मोहन कुंवर बाई घर पर मौजूद थीं। उन्होंने तीरथराम को रोज शराब पीने, देर से घर लौटने और बेवजह इधर-उधर घूमने की आदत को लेकर समझाइश देते हुए फटकार लगाई।
डांट से भड़का, सिर पर किए कई वार
आरोप है कि मौसी की डांट से तीरथराम नाराज हो गया और विवाद करने लगा। गुस्से में उसने घर में रखी आग जलाने वाली लकड़ी और डंडे से मोहन कुंवर बाई के सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलने पर बांकी मोंगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी तीरथराम यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
सामान्य विवाद ने लिया खूनी रूप
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी घटना के समय नशे में था। सामान्य विवाद के दौरान उसने अपनी मौसी पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।





