कांकेर। नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को कांकेर-गढ़चिरौली सीमा क्षेत्र में बड़ी सफलता मिली है। जिला बल, बीएसएफ और बीडीएस की संयुक्त टीम ने जंगल-पहाड़ी इलाके में सर्चिंग के दौरान जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया नक्सल डंप बरामद किया। मौके से हथियार, कारतूस और अन्य सामग्री जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर को ग्राम दागुनटोला-पुसगटटा के बीच जंगल और पहाड़ी क्षेत्र में संयुक्त टीम ने सघन सर्च अभियान चलाया। इसी दौरान जवानों को एक संदिग्ध स्थान दिखाई दिया। तलाशी लेने पर वहां से छिपाकर रखी गई नक्सली सामग्री बरामद हुई।
नक्सल डंप से हथियार और कारतूस बरामद
सुरक्षा बलों ने मौके से एक सिंगल बैरल 12 बोर रायफल, एक डबल बैरल 12 बोर रायफल, 11 कारतूस और दो प्रिंटर समेत अन्य सामग्री बरामद की है। सभी सामान को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
सीमावर्ती इलाके में लगातार चल रही सर्चिंग
कांकेर जिले के संवेदनशील और सीमावर्ती क्षेत्रों में जिला पुलिस बल, बीएसएफ और बीडीएस की संयुक्त टीमें लगातार नक्सल विरोधी अभियान चला रही हैं। जंगल और पहाड़ी इलाकों में विशेष सतर्कता के साथ सर्चिंग की जा रही है।
इस अभियान का नेतृत्व बीएसएफ की 94वीं वाहिनी के इंस्पेक्टर एचएन शर्मा और इंस्पेक्टर हनुमान सहाय मीणा ने किया। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।





