कोरबा। जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में कथित प्रेम प्रसंग को लेकर हुआ विवाद हिंसक हो गया। आरोप है कि एक युवक ने नाबालिग किशोर के चेहरे पर कैंची से कई वार कर दिए। हमले में किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया और न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

घटना पथर्रीपारा इलाके की बताई गई है। पुलिस के अनुसार, यहां रहने वाले सागर यादव (18) की एक नाबालिग लड़की से दोस्ती थी। बताया जा रहा है कि बाद में किशोरी ने सागर से दूरी बना ली और उसी मोहल्ले के एक अन्य नाबालिग किशोर के संपर्क में आ गई। इसी बात को लेकर सागर और किशोर के बीच नाराजगी चल रही थी।


कहासुनी के बाद कैंची से हमला

सोमवार रात दोनों के बीच इसी बात को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि कहासुनी बढ़ने के बाद सागर यादव ने अपने पास रखी कैंची से नाबालिग किशोर के चेहरे पर कई वार कर दिए। अचानक हुए हमले में किशोर गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गया।

चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल किशोर को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार किया गया। घटना की सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।


आरोपी हिरासत में, हत्या के प्रयास का केस

सिविल लाइन थाना प्रभारी आस्था शर्मा के अनुसार पुलिस ने घायल किशोर का बयान दर्ज करने के बाद आरोपी सागर यादव को हिरासत में लिया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।

इसके बाद उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 के तहत हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।


पुराने रिकॉर्ड की भी जांच

पुलिस आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों के अनुसार उसके खिलाफ पहले भी प्रकरण दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। यह भी बताया गया है कि नाबालिग रहने के दौरान एक अन्य मामले में उसे बाल सुधार गृह भेजा गया था।

फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और विवाद की वास्तविक वजह, हमले की परिस्थितियों तथा अन्य संबंधित तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।