दंतेवाड़ा। ट्रक चालक ताम्रध्वज साहू की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मर्सिडीज कार के मालिक सागर हेमला को गिरफ्तार कर लिया है। जांच के दौरान मिले प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, मृतक के सोशल मीडिया वीडियो और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर यह कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार, जगदलपुर-बीजापुर राष्ट्रीय राजमार्ग-63 पर ट्रक और मर्सिडीज कार की टक्कर के बाद सागर हेमला पर ट्रक चालक के साथ मारपीट करने, जान से मारने की धमकी देने और कार के नुकसान की भरपाई के नाम पर एक करोड़ रुपये की मांग करने का आरोप है। परिजनों का कहना है कि इसी मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर ट्रक चालक ने आत्महत्या कर ली थी।

घटना के बाद ताम्रध्वज साहू ने सोशल मीडिया पर कई वीडियो साझा किए थे, जिनमें उसने दावा किया था कि दुर्घटना ट्रक के ब्रेक फेल होने से हुई और इसके बावजूद उसके साथ मारपीट की गई तथा लगातार धमकाया गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया, गवाहों के बयान दर्ज किए और मोबाइल फोन सहित अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी सागर हेमला को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।