सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली घटना सामने आई है। गणेशपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में देर रात प्रसव के लिए पहुंची महिला को अस्पताल के मुख्य द्वार पर ताला लगा मिला। परिजनों का आरोप है कि चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी मौजूद नहीं होने के कारण महिला ने अस्पताल के बाहर ही बच्चे को जन्म दिया। जन्म के कुछ समय बाद नवजात की मौत हो गई। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने प्रभारी चिकित्सक और एएनएम को निलंबित कर दिया है।
रात साढ़े 11 बजे अस्पताल पहुंचा था परिवार
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत पवनपुरी के तलवापारा निवासी अनिर कुमार सारथी 14 अक्टूबर की रात करीब 11:30 बजे अपनी गर्भवती पत्नी को गणेशपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे थे। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में ताला लगा था और कोई स्वास्थ्यकर्मी मौजूद नहीं था। इसी दौरान महिला की प्रसव पीड़ा बढ़ गई और उसने अस्पताल के गेट के बाहर बच्चे को जन्म दिया।
नवजात की मौत से ग्रामीणों में आक्रोश
प्रसव के कुछ समय बाद नवजात की मौत हो गई। इसके बाद महिला को उपचार के लिए रामानुजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
घटना से नाराज ग्रामीणों और परिजनों ने गुरुवार को गणेशपुर स्वास्थ्य केंद्र के बाहर प्रदर्शन किया। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
प्रभारी डॉक्टर और एएनएम निलंबित
मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग ने गणेशपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सक राजेश पटेल और एएनएम प्रमिला गिरी को निलंबित कर दिया है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत कुमार सिंह ने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक निर्देश जारी करने की बात कही है।
जांच के आश्वासन पर समाप्त हुआ प्रदर्शन
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जांच और कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया। वहीं, कांग्रेस नेता सुनील अग्रवाल ने भी ग्रामीण क्षेत्रों की स्वास्थ्य सुविधाओं पर सवाल उठाए हैं।
फिलहाल नवजात की मौत के वास्तविक चिकित्सकीय कारणों और अस्पताल में कर्मचारियों की कथित अनुपस्थिति की जांच की जानी है। इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण इलाकों में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।





