जगदलपुर। शहर के व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र धरमपुरा में बुधवार को एक स्टेशनरी दुकान में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। अनुपम टॉकीज के सामने स्थित सूरज मार्केटिंग नामक दुकान में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया और आसमान में धुएं का घना गुबार छा गया।
घटना के बाद आसपास के दुकानदारों ने तत्काल अपनी दुकानें खाली कर दीं। मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जमा हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुकान में रखा स्टेशनरी का सामान, फर्नीचर और अन्य सामग्री कुछ ही देर में आग की लपटों में घिर गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। हालांकि दुकान के भीतर धुआं और तेज लपटें होने के कारण आग तक पहुंचना मुश्किल हो रहा था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राहत दल ने जेसीबी मशीन की मदद से दुकान के सामने का हिस्सा तोड़कर रास्ता बनाया, ताकि दमकल कर्मी अंदर तक पानी की बौछार कर सकें।
करीब दो दमकल वाहनों ने कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक दुकान में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।





