बासागुड़ा पुलिस और DRG की संयुक्त टीम ने पेगड़ापल्ली के जंगल में चलाया अभियान, 50 हजार रुपये से अधिक नकदी भी जब्त
बीजापुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बासागुड़ा थाना पुलिस और जिला रिजर्व गार्ड (DRG) की संयुक्त टीम ने पेगड़ापल्ली के जंगल क्षेत्र में नक्सलियों के लिए छिपाकर रखी गई विस्फोटक और अन्य सामग्री बरामद की है। कार्रवाई के दौरान एक संदिग्ध नक्सली सदस्य को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, संयुक्त टीम पेगड़ापल्ली के जंगल क्षेत्र में सर्चिंग अभियान पर निकली थी। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर इलाके की घेराबंदी की गई। सुरक्षाबलों ने मौके से बोगम लखमू (39) निवासी चिन्नागेलूर, थाना तर्रेम को पकड़ा।
DAKMS से जुड़े होने का आरोप
पुलिस का दावा है कि पूछताछ में बोगम लखमू ने प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) से जुड़े चिन्नागेलूर DAKMS सदस्य के रूप में काम करने की बात स्वीकार की। उस पर नक्सलियों की सामग्री और विस्फोटकों को छिपाने तथा एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने में सहयोग करने का आरोप है।
BGL लॉन्चर से हैंड ग्रेनेड तक बरामद
तलाशी और कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बड़ी मात्रा में नक्सली सामग्री जब्त की। इसमें एक BGL लॉन्चर, 18 BGL सेल, 12 तीर बम, एक हैंड ग्रेनेड, .303 के 15 जिंदा राउंड और 31 BGL कार्ट्रिज शामिल हैं।
इसके अलावा INSAS की एक खाली मैगजीन, बिजली के तार, तीन राउंड चार्जर और एक ईमीटर लीड भी बरामद की गई है। आरोपी के कब्जे से पुलिस को 50,050 रुपये नकद भी मिले हैं।
विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत कार्रवाई
पुलिस ने बरामद विस्फोटक, हथियार संबंधी सामग्री और अन्य सामान को जब्त कर सीलबंद किया है। मामले में पंचनामा तैयार करने के साथ आरोपी के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार आरोपी को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। वहीं, नक्सल गतिविधियों और संभावित ठिकानों की तलाश के लिए क्षेत्र में सुरक्षाबलों का अभियान जारी है।





