बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में हत्या के एक पुराने मामले में न्यायालय ने अहम फैसला सुनाया है। शराब पीने के दौरान हुए विवाद में युवक की जान लेने वाले दोषी को अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायालय ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। पुलिस की जांच में जुटाए गए साक्ष्य और अभियोजन पक्ष की दलीलों के आधार पर अदालत ने यह निर्णय दिया।

मामूली विवाद ने लिया था खूनी रूप

घटना डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र की है। 10 जून 2025 को शराब भट्ठी के पास विजय बघेल और जालम आमदो के बीच विवाद हो गया था। आरोप था कि विवाद बढ़ने पर ग्राम भालूकोनहा निवासी जालम आमदो ने लोहे के पाइप से विजय बघेल के सिर और माथे पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से विजय की मौत हो गई।

घटना के संबंध में लोहारा निवासी मोहित निषाद ने पुलिस को सूचना दी थी। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस की जांच में सामने आए अहम सबूत

तत्कालीन थाना प्रभारी निरीक्षक मुकेश सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। वारदात में इस्तेमाल लोहे का पाइप जब्त करने के साथ ही सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी प्रमाणों की जांच की गई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोट लगने से मौत की पुष्टि हुई। पुलिस ने जांच पूरी कर साक्ष्यों के साथ प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किया।

साक्ष्यों के आधार पर कोर्ट ने सुनाया फैसला

सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने गवाहों के बयान और वैज्ञानिक साक्ष्य अदालत के समक्ष रखे। न्यायालय ने प्रस्तुत प्रमाणों को पर्याप्त मानते हुए जालम आमदो को हत्या का दोषी ठहराया और आजीवन कारावास की सजा सुनाई।

मामले में शासन की ओर से विशेष लोक अभियोजक घनश्याम सिंह साहू ने पैरवी की। करीब डेढ़ साल पुराने इस हत्याकांड में अदालत के फैसले के साथ न्यायिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण चरण पूरा हो गया।