खैरागढ़। जिले में अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ठेलकाडीह पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी अपने घर में अंग्रेजी शराब छिपाकर रखता था और मौका मिलते ही उसकी बिक्री करता था। पुलिस ने छापेमारी के दौरान उसके कब्जे से 24 पौवा शराब बरामद की है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम पदुमतरा में एक व्यक्ति अपने घर से अवैध रूप से अंग्रेजी शराब बेच रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच और तलाशी की कार्रवाई की।
इस दौरान पुलिस ने लखन साहू (28), निवासी ग्राम पदुमतरा को पकड़ा। तलाशी में उसके पास से बॉम्बे टू गोवा व्हिस्की के 24 पौवा मिले। जब्त शराब की कुल मात्रा 4.32 बल्क लीटर और बाजार कीमत करीब 2,880 रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब की बिक्री और भंडारण करने वालों पर लगातार नजर रखी जा रही है। ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।





