जगदलपुर। फूड इंस्पेक्टर की सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर 2 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, आसना स्कूलपारा निवासी विनोद पानीग्राही (43) ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने बताया कि उनके परिचित लारेंस एंथोनी कुज ने मंत्रालय में अच्छी पकड़ होने का दावा करते हुए फूड इंस्पेक्टर के पद पर नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया था।

शिकायत के मुताबिक, 24 जुलाई 2022 से 20 सितंबर 2024 के बीच विनोद ने आरोपी के कहने पर गूगल पे और चेक के माध्यम से उसके बैंक खाते में कुल 2 लाख रुपये जमा किए। लंबे समय तक नौकरी नहीं मिलने पर जब उन्होंने चयन प्रक्रिया और नियुक्ति संबंधी जानकारी मांगी, तो आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा।

खुद के साथ धोखाधड़ी होने का एहसास होने पर पीड़ित ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन में गठित टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने गूगल पे के जरिए रकम प्राप्त करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उसके कब्जे से मोबाइल फोन भी जब्त किया।

पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।