कांकेर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित कांकेर जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के दौरान सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। छोटेबेठिया थाना क्षेत्र के मोरखण्डी जंगल में सर्चिंग के दौरान जवानों ने जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया नक्सली डंप बरामद किया। यहां से भरमार बंदूक, हथियारों के बैरल, वायरलेस सेट, GPS और अन्य नक्सली सामग्री मिली है।
इस कार्रवाई को बीएसएफ (BSF), जिला बल और बीडीएस (बम डिस्पोजल स्क्वॉड) की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया। कार्रवाई के बाद सभी जवान सुरक्षित कैंप लौट आए।
मोरखण्डी के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में मिला नक्सली डंप
पुलिस के मुताबिक नक्सल प्रभावित सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम लगातार सर्चिंग अभियान चला रही है। इसी क्रम में 24 अगस्त को छोटेबेठिया थाना क्षेत्र के ग्राम मोरखण्डी के जंगल और पहाड़ी इलाके में जवान सर्चिंग के लिए निकले थे।
अभियान के दौरान जवानों को एक संदिग्ध स्थान दिखाई दिया। सुरक्षा के साथ उसकी जांच करने पर वहां नक्सलियों द्वारा छिपाया गया डंप मिला। तलाशी लेने पर उसमें हथियारों के साथ बड़ी मात्रा में अन्य सामग्री बरामद हुई। संभावित खतरे को देखते हुए बीडीएस की टीम भी मौके पर मौजूद रही।
नक्सली डंप से ये सामान बरामद
सुरक्षाबलों को डंप से 4 भरमार बंदूक, भरमार बंदूक के 3 बैरल, एक वायरलेस सेट, बिजली के तार के 3 बंडल, एक GPS, एक छोटी सोलर प्लेट, एक चार्जर और नक्सली साहित्य मिला। इसके अलावा अन्य नक्सली सामग्री भी बरामद की गई है।
इलाके में जारी रहेगा सर्चिंग अभियान
सुरक्षाबलों ने नक्सली डंप की बरामदगी को नक्सल उन्मूलन अभियान में महत्वपूर्ण सफलता बताया है। अभियान पूरा होने के बाद सभी जवान सुरक्षित अपने कैंप लौट गए।
पुलिस के मुताबिक क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए नक्सल प्रभावित इलाकों में सघन सर्चिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।





