कुदरगढ़ देवी धाम दर्शन करने जा रहे श्रद्धालु सड़क हादसे का शिकार, चरचा थाना क्षेत्र के नगर गांव के पास हुई दुर्घटना; जिला अस्पताल में घायलों का इलाज जारी
कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में रविवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चरचा थाना क्षेत्र के नगर गांव के पास राजहंस यात्री बस और बोलेरो वाहन की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में बोलेरो सवार एक महिला की मौत हो गई, जबकि चार बच्चों सहित 14 लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
कुदरगढ़ देवी धाम दर्शन करने जा रहे थे श्रद्धालु
जानकारी के अनुसार, बोलेरो में सवार सभी लोग चिरमिरी से कुदरगढ़ देवी धाम दर्शन के लिए निकले थे। सुबह करीब सात बजे नगर गांव के पास उनकी बोलेरो सामने से आ रही राजहंस बस से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो में सवार कई लोगों को गंभीर चोटें आईं।
हादसे में रितु सिंह की मौत, चार बच्चे भी घायल
दुर्घटना में जान गंवाने वाली महिला की पहचान चिरमिरी के खोखापानी निवासी रितु सिंह के रूप में हुई है। हादसे में चार बच्चों समेत कुल 14 लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायलों की मदद की और पुलिस को सूचना दी।
108 एंबुलेंस से घायलों को पहुंचाया अस्पताल
हादसे की जानकारी मिलते ही 108 एंबुलेंस की सहायता से घायलों को जिला अस्पताल बैकुंठपुर पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची।
दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
चरचा थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बस और बोलेरो के बीच टक्कर किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता लगाया जा रहा है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।





