मोहला। मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में राजस्व विभाग में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया गया है। कलेक्टर तूलिका प्रजापति ने तबादला आदेश जारी करते हुए 2 तहसीलदार और 3 नायब तहसीलदारों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। इसके अलावा एक तहसीलदार को अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। जिला प्रशासन ने इस कार्रवाई को नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा बताया है।
जारी आदेश के अनुसार, अनुरिमा टोप्पो को अंबागढ़ चौकी से स्थानांतरित कर मोहला का तहसीलदार नियुक्त किया गया है। वहीं नेहा विश्वकर्मा को मोहला से स्थानांतरित कर अंबागढ़ चौकी तहसील की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा चांदनी देवांगन को मानपुर तहसीलदार के पद पर यथावत रखते हुए औंधी तहसील का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
नायब तहसीलदारों के तबादले में दिनेश साहु को मोहला से खड़गांव का प्रभारी तहसीलदार बनाया गया है। वहीं दिलीप साहू का स्थानांतरण मानपुर से मोहला तथा राज आशीष का तबादला खड़गांव से मोहला किया गया है।
नए प्रशासनिक आदेश के बाद मोहला तहसील में एक तहसीलदार के साथ दो नायब तहसीलदार कार्यभार संभालेंगे। जिला प्रशासन का मानना है कि इस फेरबदल से राजस्व कार्यों के संचालन में तेजी आएगी और आम लोगों को बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।





