रायपुर। राजधानी रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में सोमवार को बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत पुलिस अधिकारियों के तबादले किए गए। पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला के जारी आदेश के अनुसार तारकेश्वर पटेल को डीसीपी सेंट्रल जोन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं दीपमाला कश्यप को डीसीपी नॉर्थ जोन नियुक्त किया गया है। इसके अलावा अर्चना झा को डीसीपी ट्रैफिक एवं प्रोटोकॉल का दायित्व सौंपा गया है।

केवल वरिष्ठ अधिकारियों ही नहीं, बल्कि चार थाना प्रभारियों के कार्यक्षेत्र में भी बदलाव किया गया है। आदेश के अनुसार निरीक्षक सतीश सिंह गहरवार को कोतवाली थाना प्रभारी के साथ एसीसीयू (क्राइम ब्रांच) प्रभारी का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

इसी क्रम में राजेश सिंह को आजाद चौक थाना प्रभारी, पारसराम पटेल को सरस्वती नगर थाना प्रभारी तथा नरेंद्र साहू को गुढ़ियारी थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

पुलिस कमिश्नरेट में हुए इस प्रशासनिक फेरबदल को कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।