सुकमा। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत स्वीकृति मिलने के बावजूद जिन हितग्राहियों के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) सुविधा सक्रिय नहीं होने के कारण पहली किस्त का भुगतान लंबित था, उन्हें राहत दिलाने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष पहल की है। इसी क्रम में शुक्रवार को कोंटा विकासखंड की दूरस्थ ग्राम पंचायत ताड़मेटला और एर्राबोर में बैंक अधिकारियों के सहयोग से संयुक्त विशेष शिविर आयोजित किया गया।
कलेक्टर अमित कुमार के निर्देशन और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकुंद ठाकुर के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में जिला प्रशासन और बैंक अधिकारियों की संयुक्त टीम ने हितग्राहियों के बैंक खातों का सत्यापन कर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कराईं।
विशेष अभियान के तहत ग्राम पंचायत ताड़मेटला के 22 और ग्राम पंचायत एर्राबोर के 11 प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों के बैंक खातों में DBT सुविधा सफलतापूर्वक सक्रिय की गई। इसके साथ ही लंबे समय से लंबित पहली किस्त के भुगतान का रास्ता साफ हो गया है।
जिला प्रशासन ने बताया कि इस पहल से पात्र हितग्राहियों को जल्द ही उनके बैंक खातों में आवास निर्माण की पहली किस्त की राशि प्राप्त होगी, जिससे वे अपने आवास निर्माण कार्य को समय पर शुरू कर सकेंगे। प्रशासन का कहना है कि भविष्य में भी पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के लिए इस तरह के विशेष अभियान जारी रहेंगे।





