रायपुर, 6 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए राहत भरी खबर है। खाद वितरण व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और सुविधाजनक बनाने के लिए डिजिटल प्रणाली लागू की जा रही है। अब किसान मोबाइल एप के जरिए घर बैठे यूरिया सहित अन्य उर्वरकों की बुकिंग कर सकेंगे। बुकिंग के बाद जारी QR कोड के आधार पर निर्धारित बिक्री केंद्र से खाद प्राप्त की जा सकेगी। बालोद और कोरबा जिलों में इस नई व्यवस्था की शुरुआत की गई है।
किसानों को नहीं लगाने पड़ेंगे बार-बार चक्कर
नई व्यवस्था के तहत किसानों को खाद की उपलब्धता और बुकिंग के लिए डिजिटल सुविधा मिलेगी। मोबाइल एप के माध्यम से बुकिंग होने पर ई-टोकन और QR कोड जारी किया जाएगा। किसान इसे संबंधित खाद वितरण केंद्र पर दिखाकर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उर्वरक खरीद सकेंगे।
कोरबा में 48 घंटे के भीतर पूरी करनी होगी प्रक्रिया
कोरबा जिले में रबी सीजन 2026-27 के लिए 5 नवंबर से डिजिटल टोकन प्रणाली लागू की गई है। इसके तहत किसानों को खाद की बुकिंग के बाद 48 घंटे के भीतर QR कोड स्कैन कराकर उर्वरक प्राप्त करने की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। निर्धारित समय में प्रक्रिया पूरी नहीं होने पर बुकिंग स्वतः निरस्त हो जाएगी।
बालोद में किसानों को QR कोड से मिला यूरिया
बालोद जिले में भी डिजिटल खाद वितरण की शुरुआत हो चुकी है। कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देश पर कृषि विभाग ने इस प्रणाली को लागू करने की पहल की है। गुरुर विकासखंड के रजोली, परसदा और भरदाकला गांवों के किसानों को QR कोड के माध्यम से यूरिया उपलब्ध कराया गया है।
मोबाइल से ऐसे बुक कर सकेंगे खाद
किसानों को सबसे पहले FFS (Framework for Fertilizer Sale) मोबाइल एप डाउनलोड करना होगा। इसके बाद आधार कार्ड या फार्मर आईडी की सहायता से लॉगिन कर आवश्यक खाद की बुकिंग करनी होगी। बुकिंग पूरी होने पर QR कोड जारी होगा, जिसे संबंधित बिक्री केंद्र पर स्कैन कराकर खाद प्राप्त की जा सकेगी।
स्मार्टफोन की सुविधा नहीं होने पर किसान परिवार के सदस्य या नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर की सहायता ले सकेंगे।
खाद की कालाबाजारी रोकने में मिलेगी मदद
डिजिटल व्यवस्था के जरिए यूरिया, डीएपी, एनपीके सहित अन्य उर्वरकों के वितरण और उपलब्ध स्टॉक की निगरानी की जा सकेगी। इससे खाद वितरण में अनियमितताओं पर नियंत्रण के साथ किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने में मदद मिलने की उम्मीद है।
कृषि विभाग की ओर से संबंधित कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। किसानों को भी नई प्रणाली के उपयोग की जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य खाद वितरण में पारदर्शिता बढ़ाना, किसानों की परेशानी कम करना और जरूरत के समय उन्हें उर्वरक उपलब्ध कराना है।





