कोंडागांव। जिले में कानून-व्यवस्था मजबूत करने और संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए फरसगांव पुलिस ने शनिवार सुबह बड़े स्तर पर कांबिंग और शिनाख्ती अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस की 21 टीमों ने नगर के सभी 15 वार्डों समेत अलग-अलग इलाकों में दबिश दी। अभियान में 163 संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
21 टीमों ने अलग-अलग इलाकों में की जांच
पुलिस के मुताबिक, विशेष अभियान के लिए कुल 21 टीमों का गठन किया गया था। टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान की और उनके दस्तावेजों व अन्य जरूरी जानकारियों का सत्यापन किया। संदेह के आधार पर हिरासत में लिए गए लोगों को थाने लाकर उनसे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस यह भी पता लगा रही है कि हिरासत में लिए गए लोगों में से किसी के खिलाफ पहले से कोई आपराधिक मामला दर्ज है या नहीं। जांच में आपराधिक गतिविधि से जुड़ा कोई तथ्य सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
एसपी पंकज चंद्रा के निर्देशन में चला अभियान
फरसगांव एसडीओपी अभिनव उपाध्याय ने बताया कि यह विशेष अभियान एसपी पंकज चंद्रा के निर्देशन में शासन और पुलिस मुख्यालय से मिले निर्देशों के तहत चलाया गया है। अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की पहचान करने के साथ कानून-व्यवस्था को और मजबूत करना है।
एसडीओपी के अनुसार, संदिग्ध लोगों की पहचान और दस्तावेजों की जांच की जा रही है। यह अभियान आने वाले दिनों में भी जारी रहेगा।
संदिग्ध गतिविधि दिखे तो पुलिस को दें सूचना
पुलिस ने क्षेत्र के लोगों से भी सहयोग की अपील की है। नागरिकों से कहा गया है कि आसपास किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।
इसके लिए पुलिस ने टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800-233-1905 जारी किया है। पुलिस के मुताबिक, सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। नागरिकों से अपराध और संदिग्ध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए पुलिस का सहयोग करने की अपील की गई है।





