केशकाल। कोंडागांव जिले के केशकाल थाना क्षेत्र में मारपीट और धारदार हथियार से हमले के दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 31 अगस्त को सामने आए दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से सभी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।


नशे में चपरासी से मारपीट का आरोप

पहला मामला टाटामारी मार्ग का है। पुलिस के मुताबिक, यहां करीब आठ युवक कथित रूप से नशे की हालत में पहुंचे और वन विभाग में पदस्थ एक चपरासी के साथ मारपीट की। हमले में कर्मचारी को चोटें आईं।

घटना की सूचना मिलने पर केशकाल पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने लाई। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई।


जीजा पर धारदार हथियार से हमला

इसी दौरान पुलिस को एक अन्य घटना की जानकारी मिली। पुलिस के अनुसार, चारामा निवासी इमामुद्दीन खान अपने जीजा के घर पहुंचा और धारदार हथियार से हमला कर दिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी के पास कई धारदार हथियार भी मिले।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड है और वह हत्या से जुड़े एक मामले में पहले जेल जा चुका है।


आरोपियों को न्यायालय में किया पेश

दोनों मामलों में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर प्रकरण दर्ज किया। इसके बाद 1 सितंबर को आरोपियों को थाना परिसर से बस स्टैंड तक पैदल ले जाया गया और न्यायालय में पेश किया गया। अदालत ने सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने का आदेश दिया।


SDOP बोले- अपराधियों पर जारी रहेगी कार्रवाई

केशकाल SDOP अरुण नेताम ने मामले की जानकारी देते हुए कहा कि जिले में आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।