बीजापुर, 4 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में मुर्गा लड़ाई की आड़ में चल रहे जुए के बड़े अड्डे का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। भोपालपट्टनम क्षेत्र के रायगुड़ा गांव में पुलिस की अचानक हुई छापेमारी से जुआरियों में हड़कंप मच गया। कार्रवाई के दौरान करीब 20 से 25 लाख रुपये नकद बरामद होने की प्रारंभिक जानकारी सामने आई है। पुलिस ने मौके से मोबाइल फोन और वाहनों को भी जब्त किया है।

मुर्गा लड़ाई के बहाने लग रहे थे लाखों के दांव

जानकारी के मुताबिक, रायगुड़ा गांव में मुर्गा लड़ाई का आयोजन किया जा रहा था। इसकी आड़ में बड़े पैमाने पर जुआ खेला जा रहा था। यहां छत्तीसगढ़ के साथ तेलंगाना और आंध्र प्रदेश से भी लोगों के पहुंचने की बात सामने आई है। मुर्गों की लड़ाई में मोटी रकम दांव पर लगाए जाने की सूचना पुलिस को मिली थी।

पुलिस ने घेराबंदी कर मारा छापा

अवैध गतिविधियों की सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई की योजना बनाई। इसके बाद टीम ने रायगुड़ा गांव में दबिश दी। अचानक पुलिस को देखकर मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने वहां मौजूद लोगों से पूछताछ शुरू की और नकदी सहित अन्य सामान कब्जे में लिया।

नकदी के साथ मोबाइल और वाहन भी जब्त

छापेमारी में भारी मात्रा में नकदी मिलने की खबर है। पुलिस ने मोबाइल फोन और कारों को भी जांच के लिए जब्त किया है। आशंका है कि इस आयोजन में बड़ी रकम का लेनदेन हो रहा था। हालांकि, जुए के संचालन और इससे जुड़े लोगों की भूमिका जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

जांच के बाद सामने आएगी पूरी तस्वीर

बीजापुर एसपी उमेश प्रसाद गुप्ता ने पुलिस कार्रवाई की पुष्टि की है। फिलहाल जब्त रकम की अंतिम गणना और पकड़े गए लोगों की संख्या का आधिकारिक विवरण सामने आना बाकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।