सारंगढ़। साइबर ठगी की रकम को बैंक खातों के जरिए इधर-उधर करने वाले गिरोह पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच के दौरान एक बैंक खाते से महज एक साल में 2 करोड़ 71 लाख 75 हजार 719 रुपये से अधिक का संदिग्ध लेनदेन सामने आया। इस खाते से देश के अलग-अलग राज्यों में दर्ज 56 साइबर ठगी की शिकायतों का कनेक्शन भी मिला है। पुलिस ने तकनीकी जांच के बाद दुर्ग जिले से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
2 हजार मोबाइल नंबर खंगालने के बाद मिला सुराग
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश के लिए करीब 2,000 मोबाइल नंबरों का तकनीकी विश्लेषण किया। जांच में मिले सबूतों के आधार पर पुलिस टीम ने 16 सितंबर को दुर्ग जिले के पुलगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत चंद्रखुरी में दबिश दी। यहां से तीन संदिग्धों को पकड़ा गया।
ये तीन आरोपी हुए गिरफ्तार
पुलिस ने इस कार्रवाई में चेतन निषाद उर्फ भदरी उर्फ लक्की (23), निवासी सोंडरा धरसींवा, देवा श्रीकांत चंद्राकर (31) और योगेंद्र चंद्राकर (32), दोनों निवासी चंद्रखुरी, दुर्ग को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी साइबर ठगी की रकम ट्रांसफर कराने के बदले कमीशन लेते थे। तीनों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर सारंगढ़ उपजेल भेज दिया गया।
म्यूल अकाउंट के जरिए होता था करोड़ों का लेनदेन
साइबर अपराध पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की जांच के दौरान पुलिस की नजर एक संदिग्ध बैंक खाते पर पड़ी। यह खाता दिनेश बंजारे के नाम पर था। पुलिस जांच में आरोप है कि दिनेश ने कमीशन के लालच में अपना बैंक खाता, पासबुक, एटीएम कार्ड और मोबाइल सिम साइबर ठगों को सौंप दिया था। इसी खाते से एक साल के भीतर 2.71 करोड़ रुपये से अधिक का लेनदेन किया गया।
तीन आरोपी पहले ही भेजे जा चुके हैं जेल
इस मामले में पुलिस इससे पहले अनिल पटेल, दिनेश बंजारे और उत्तम बाई बंजारे को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इनके बाद नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के लिए मोबाइल नंबरों और डिजिटल गतिविधियों की जांच की गई, जिसके बाद तीन और आरोपियों तक पुलिस पहुंची।
APK फाइल और सर्वर के जरिए कराते थे ट्रांजेक्शन
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मोबाइल फोन में APK फाइल डाउनलोड करवाकर और सर्वर के माध्यम से अवैध लेनदेन कराते थे। पुलिस का दावा है कि आरोपियों ने अनिल पटेल के साथ मिलकर दिनेश बंजारे के खाते से करोड़ों रुपये का लेनदेन कराया और इसके एवज में कमीशन लिया।
कार, मोबाइल, ATM कार्ड और पासबुक जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 6 लाख रुपये कीमत की कार, लगभग 1.50 लाख रुपये मूल्य के पांच मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड और बैंक पासबुक जब्त की है। मामले में आगे की जांच जारी है और साइबर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।





