खैरागढ़। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में लापरवाही बरतने वाले संस्थानों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। साल्हेवारा स्थित बालाजी डायग्नोस्टिक सेंटर में नियमों की अनदेखी और दस्तावेजों में गंभीर अनियमितताएं मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सोनोग्राफी सेंटर को सील कर दिया। जांच में अधिकृत रेडियोलॉजिस्ट की अनुपस्थिति और आवश्यक रिकॉर्ड के रखरखाव में खामियां सामने आई थीं।
निरीक्षण में खुली अनियमितताओं की पोल
जानकारी के मुताबिक, बालाजी डायग्नोस्टिक सेंटर के संचालन में गड़बड़ी की शिकायत मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने जांच शुरू की थी। पीसीपीएनडीटी एक्ट के जिला नोडल अधिकारी डॉ. मनीष बघेल के नेतृत्व में टीम ने सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान सोनोग्राफी जांच से जुड़े आवश्यक दस्तावेज अधूरे मिले। साथ ही केंद्र में अधिकृत रेडियोलॉजिस्ट की मौजूदगी भी नहीं पाई गई।
रिपोर्ट पर पहले से दर्ज मिले डिजिटल हस्ताक्षर
निरीक्षण के दौरान जांच अधिकारियों को सोनोग्राफी से संबंधित कुछ दस्तावेजों पर दूसरे रेडियोलॉजिस्ट के डिजिटल हस्ताक्षर पहले से दर्ज मिले। वहीं, निर्धारित फॉर्म भी नियमों के अनुसार नहीं भरे जा रहे थे। स्वास्थ्य विभाग ने इन खामियों को गंभीर मानते हुए सेंटर संचालक को नोटिस जारी किया और जवाब मांगा।
नोटिस का जवाब मिलने के बाद भी नहीं मिली राहत
सेंटर संचालक की ओर से प्रस्तुत स्पष्टीकरण और जांच रिपोर्ट को जिला सलाहकार समिति के समक्ष रखा गया। समिति ने दस्तावेजों और निरीक्षण में सामने आई अनियमितताओं की समीक्षा की। इसके बाद सभी सदस्यों ने सोनोग्राफी सेंटर को सील करने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया।
कलेक्टर के निर्देश पर पहुंची संयुक्त टीम
जिला सलाहकार समिति की अनुशंसा पर कलेक्टर एवं पीसीपीएनडीटी एक्ट के समुचित प्राधिकारी ने कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद 14 अक्टूबर को प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने साल्हेवारा पहुंचकर बालाजी डायग्नोस्टिक सेंटर के सोनोग्राफी केंद्र को सील कर दिया।
इस दौरान डिप्टी कलेक्टर पूजा पिंचा, डॉ. मनीष बघेल, डॉ. बोधन सिंह, डॉ. पंकज वैष्णव, डॉ. विवेक बिसेन और अर्पित गुप्ता सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
स्वास्थ्य केंद्रों को नियमों के पालन की हिदायत
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में संचालित सभी सोनोग्राफी केंद्रों को पीसीपीएनडीटी एक्ट के प्रावधानों का पालन करना होगा। अधिकृत चिकित्सक की उपलब्धता, जांच से संबंधित रिकॉर्ड और निर्धारित दस्तावेजों का सही रखरखाव अनिवार्य है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।





