बालोद, 6 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में अवैध खनन और खनिजों की तस्करी रोकने के लिए प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देश पर खनिज विभाग की टीम ने अलग-अलग गांवों में दबिश देकर जेसीबी, दो हाईवा और एक ट्रैक्टर समेत चार वाहनों को जब्त किया है। अचानक हुई इस कार्रवाई से अवैध खनन से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।
तीन गांवों में खनिज विभाग की दबिश
जानकारी के मुताबिक, खनिज विभाग की टीम ने बालोद जिले के धरमपुरा, फरदफोड़ और घोटिया गांव में जांच अभियान चलाया। इस दौरान धरमपुरा में मुरुम के अवैध उत्खनन और परिवहन के मामले में एक जेसीबी और हाईवा जब्त किया गया। दोनों वाहनों को बालोद थाने में सुरक्षित रखवाया गया है।
वहीं, फरदफोड़ गांव में बिना वैध अनुमति गिट्टी परिवहन करने के मामले में एक हाईवा को जब्त किया गया। इसके अलावा घोटिया गांव में रेत के अवैध परिवहन पर कार्रवाई करते हुए एक ट्रैक्टर पकड़ा गया।
जब्त वाहनों पर नियमानुसार कार्रवाई
खनिज विभाग ने सभी जब्त वाहनों को संबंधित पुलिस थानों की अभिरक्षा में सौंप दिया है। विभाग की ओर से अवैध उत्खनन और परिवहन के मामलों में खनन संबंधी नियमों के तहत कार्रवाई की जा रही है।
अवैध खनन करने वालों पर रहेगी नजर
प्रशासन के अनुसार, जिले में खनिज संपदा के अवैध दोहन को रोकने के लिए लगातार जांच अभियान चलाया जाएगा। अधिकारियों को संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।





