बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में अवैध नशीली दवाओं की बिक्री के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 737 ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए हैं। जब्त दवाओं की अनुमानित कीमत 4,790 रुपये से अधिक बताई गई है। इसके अलावा पुलिस ने तीन मोबाइल फोन और एक स्कूटी भी जब्त की है। तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
स्कूटी में नशीली दवाएं रखकर ग्राहक तलाश रहा था आरोपी
पुलिस के अनुसार, 10 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बालोद के टिकरापारा निवासी सुशील कुमार आर्य उर्फ साईं नशीली दवाओं की अवैध बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा है। आरोपी काले रंग की होंडा डियो स्कूटी क्रमांक CG 24 V 7412 में कैप्सूल रखकर घूम रहा था।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्कूटी की तलाशी ली। इस दौरान डिक्की में रखी लाल पॉलीथीन से 449 ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद हुए। इनका वजन 255.930 ग्राम और अनुमानित कीमत 2,918.50 रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन और लगभग 60 हजार रुपये कीमत की स्कूटी भी जब्त कर ली।
पूछताछ में दो अन्य आरोपियों के नाम आए सामने
सुशील कुमार आर्य से पूछताछ के बाद पुलिस ने मामले में दो अन्य आरोपियों पर भी कार्रवाई की। दल्लीराजहरा के वार्ड क्रमांक 25 निवासी शंकर नायडू के कब्जे से 144 ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए गए।
वहीं, बालोद के नया पारा निवासी भूपेश्वर साहू उर्फ मंडल के पास से भी 144 कैप्सूल जब्त हुए। दोनों के कब्जे से मिले कैप्सूल की कीमत 936-936 रुपये बताई गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
कुल 737 कैप्सूल जब्त, एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस की कार्रवाई में कुल 737 कैप्सूल बरामद हुए हैं। इनमें TraiSPAS के 449 और SPAS-TRASCEN-PLUS के 288 कैप्सूल शामिल हैं। जब्त दवाओं की कुल अनुमानित कीमत 4,790.50 रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने अपराध क्रमांक 537/2026 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(ग) के तहत कार्रवाई की है।
तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल
पुलिस ने सुशील कुमार आर्य उर्फ साईं को 10 अक्टूबर को गिरफ्तार किया था। इसके बाद 11 अक्टूबर को शंकर नायडू और भूपेश्वर साहू उर्फ मंडल की गिरफ्तारी हुई।
तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। नशीली दवाओं की अवैध बिक्री के इस मामले में पुलिस ने कैप्सूल के साथ तीन मोबाइल फोन और एक स्कूटी जब्त की है।





