सूरजपुर/सारंगढ़-बिलाईगढ़। छत्तीसगढ़ में गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सूरजपुर और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले से कुल करीब 341 किलो गांजा बरामद किया है। सूरजपुर में एक ट्रक के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद गांजा तस्करी का मामला सामने आया। वहीं सारंगढ़-बिलाईगढ़ में पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने दो अलग-अलग कार्रवाई में गांजे की बड़ी खेप पकड़ी है।

ट्रक पलटने के बाद सामने आया 238 किलो गांजा

सूरजपुर जिले के चंदोरा थाना क्षेत्र के घाटपेंडारी में एक ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। ट्रक में प्लास्टिक दाने की बोरियां लदी थीं। हादसे के बाद सामान हटाने के दौरान कुछ बोरियों को सड़क से दूर गड्ढे में तिरपाल से ढककर छिपाया गया। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तलाशी ली।

पुलिस को नौ बोरियों में कुल 238 किलो 290 ग्राम गांजा मिला। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 19 लाख रुपये बताई गई है। जांच में सामने आया कि गांजे को प्लास्टिक दाने की बोरियों की आड़ में छिपाकर ले जाया जा रहा था।

ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाई जा रही थी खेप

पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार गांजे की खेप ओडिशा से उत्तर प्रदेश के लखनऊ ले जाने की तैयारी थी। मामले में अलीगढ़ निवासी सुनील कुमार (32) को गिरफ्तार किया गया है। वहीं ट्रक चालक समेत अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। पुलिस तस्करी के पूरे नेटवर्क और गांजा भेजने तथा प्राप्त करने वालों की जानकारी जुटा रही है।

गांजे के साथ तस्करी में इस्तेमाल 12 चक्का ट्रक भी जब्त किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई गई है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।

सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 103 किलो से अधिक गांजा जब्त

इधर सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में पुलिस और ANTF ने दो अलग-अलग मामलों में कुल 103.11 किलो गांजा जब्त किया। भटगांव क्षेत्र में घेराबंदी के दौरान ‘एडवोकेट हाईकोर्ट’ लिखी कार से 63.350 किलो गांजा बरामद किया गया।

एक अन्य कार्रवाई में बेलादुला इलाके में लोहे की अलमारी के भीतर छिपाकर रखा 39.76 किलो गांजा बरामद किया गया। संबंधित आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

दोनों जिलों में हुई कार्रवाई को मिलाकर पुलिस ने करीब 341 किलो गांजा जब्त किया है। पुलिस अब इन मामलों में तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और गांजा सप्लाई नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही है।