जशपुर। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर एंटी नारकोटिक्स टीम और तपकरा थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से 632 किलो 380 ग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे और अन्य सामान की कुल कीमत करीब 3.41 करोड़ रुपये आंकी गई है।
खाली बोतलों की बोरियों के नीचे छिपाया था गांजा
पुलिस के अनुसार, 4 अक्टूबर को लावाकेरा बैरियर पर वाहनों की जांच के दौरान ओडिशा की ओर से आ रहे टाटा आईसर ट्रक क्रमांक UP-47-AT-9839 को संदेह के आधार पर रोका गया। तलाशी में ट्रक के ऊपर खाली बोतलों से भरी बोरियां रखी मिलीं। जब पुलिस ने इन्हें हटाकर नीचे जांच की तो टेप से लिपटे गांजे के पैकेट बरामद हुए।
जांच के दौरान 20 बोरियों में कुल 597 पैकेट मिले। वजन कराने पर गांजे की मात्रा 632.380 किलो पाई गई।
ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा था गांजा
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विनोद कुमार गुप्ता (42) के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले का रहने वाला बताया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह गांजा ओडिशा से उत्तर प्रदेश लेकर जा रहा था।
3.41 करोड़ रुपये की जब्ती
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजे के अलावा तस्करी में इस्तेमाल ट्रक, दो मोबाइल फोन और तीन हजार रुपये नकद भी जब्त किए हैं। पुलिस के मुताबिक गांजे की अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ 16 लाख 19 हजार रुपये है, जबकि पूरी जब्ती का मूल्य करीब 3 करोड़ 41 लाख 47 हजार रुपये बताया गया है।
तस्करी नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस
मामले में तपकरा थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा ओडिशा में कहां से लाया गया और उत्तर प्रदेश में इसकी खेप किस व्यक्ति तक पहुंचाई जानी थी। तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
बताया जा रहा है कि लावाकेरा क्षेत्र में दो दिनों के भीतर गांजा तस्करी के खिलाफ यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले भी पुलिस ने इसी बैरियर पर बड़ी मात्रा में गांजा जब्त करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था।





