रायगढ़। जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत सरकारी खाद्यान्न में गड़बड़ी और कथित गबन के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। धरमजयगढ़ विकासखंड के ससकोबा और गनपतपुर स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकानों की जांच में बड़ी मात्रा में चावल, शक्कर और नमक की कमी पाई गई। दोनों मामलों में कुल मिलाकर करीब 31.75 लाख रुपये का खाद्यान्न कम मिला है। पुलिस ने एक फरार आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया।
ससकोबा दुकान में 12.89 लाख रुपये का खाद्यान्न कम
धरमजयगढ़ तहसील के ग्राम ससकोबा स्थित उचित मूल्य दुकान क्रमांक 412009078 की 3 सितंबर 2026 को खाद्य विभाग ने जांच की थी। जांच में 499.65 क्विंटल चावल, 5.37 क्विंटल शक्कर और 8.03 क्विंटल नमक कम पाया गया। इसकी कुल कीमत करीब 12 लाख 89 हजार 375 रुपये आंकी गई।
जांच में यह भी सामने आया कि अगस्त माह में कुछ हितग्राहियों से ई-पॉस मशीन पर फिंगर लगवाने के बावजूद राशन वितरण नहीं किया गया था। इस मामले में सरोज स्व सहायता समूह की अध्यक्ष उमाबाई राठिया, सचिव माधुरी बाई राठिया और विक्रेता बिहारी राठिया के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3 और 7 के तहत अपराध दर्ज किया गया। उमाबाई और माधुरी को 12 सितंबर को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेजा जा चुका है, जबकि बिहारी राठिया फरार है।
गनपतपुर दुकान में 18.86 लाख रुपये की कमी
इसी तरह ग्राम गनपतपुर स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान क्रमांक 412009080 की जांच में 704.93 क्विंटल चावल, 15.34 क्विंटल शक्कर और 31.98 क्विंटल नमक कम पाया गया। इसकी अनुमानित कीमत करीब 18 लाख 86 हजार 345 रुपये बताई गई है।
दुकान का संचालन जननी महिला स्व सहायता समूह द्वारा किया जा रहा था। जांच में समूह की अध्यक्ष रूबीना खान, सचिव शाहिन खान और विक्रेता शाहनवाज उर्फ मौसम खान की भूमिका सामने आने के बाद तीनों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
गांव में दिखते ही पुलिस ने दबोचा आरोपी
पुलिस को जानकारी मिली थी कि आरोपी शाहनवाज उर्फ मौसम खान (49) इलाज के लिए सिविल अस्पताल धरमजयगढ़ में भर्ती था। उसकी लगातार तलाश की जा रही थी। बाद में उसके गांव में दिखाई देने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद उसे रिमांड पर भेज दिया गया।
तीन आरोपियों की गिरफ्तारी बाकी
दोनों मामलों में अभी ससकोबा दुकान के विक्रेता बिहारी राठिया तथा गनपतपुर दुकान की अध्यक्ष रूबीना खान और सचिव शाहिन खान की गिरफ्तारी बाकी है। पुलिस उनकी तलाश कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।





