जशपुर। जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र के पाकरगांव में बिजली पोल शिफ्टिंग के दौरान बड़ा हादसा हो गया। करंट की चपेट में आने से दो श्रमिकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य मजदूर झुलस गए। हादसे के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मृतकों के परिजनों को राज्य सरकार के नियमानुसार 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
बिजली आपूर्ति बंद किए बिना काम करने का आरोप
जानकारी के अनुसार, पाकरगांव में एक पेट्रोल पंप के सामने बिजली का खंभा शिफ्ट करने का काम चल रहा था। इसी दौरान कथित तौर पर बिजली आपूर्ति बंद किए बिना पोल हटाने की कोशिश की जा रही थी। काम के दौरान मजदूर चालू बिजली लाइन के संपर्क में आ गए, जिससे दो की मौत हो गई और चार अन्य झुलस गए।
निजी ठेकेदार के मजदूर कर रहे थे काम
पत्थलगांव क्षेत्र के अनुविभागीय अधिकारी ध्रुवेश जायसवाल के अनुसार, घटना के समय निजी ठेकेदार के सात मजदूर बिजली पोल हटाने के काम में लगे हुए थे। हादसे में दो मजदूरों की मौत हुई, जबकि चार अन्य के झुलसने की जानकारी सामने आई है।
रायगढ़ और गरियाबंद के रहने वाले थे मृतक
हादसे में जान गंवाने वाले श्रमिकों की पहचान आलेख एक्का, निवासी रायगढ़ और टोमन ध्रुव, निवासी गरियाबंद के रूप में हुई है। प्रशासन ने दोनों मृतकों के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है।
मुख्यमंत्री साय ने जताया दुख
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने दोनों मृत श्रमिकों के परिवारों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
पुलिस ने शुरू की जांच
मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और बिजली आपूर्ति बंद किए बिना काम क्यों किया जा रहा था, इसकी भी पड़ताल की जा रही है।





