बिलासपुर। बिलासपुर-उरगा फोरलेन निर्माणाधीन मार्ग पर सोमवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ढेंका के पास निर्माणाधीन पुल से एक तेज रफ्तार कार करीब 30 फीट नीचे जा गिरी। हादसे में कार सवार चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, CG13AS9262 नंबर की कार से चारों युवक कोरबा से बिलासपुर की ओर आ रहे थे। अरपा नदी पर बन रहे पुल का एक हिस्सा अभी अधूरा है और उससे आगे सड़क का निर्माण नहीं हुआ है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कार चालक को पुल अधूरा होने की जानकारी नहीं थी। इसी वजह से वाहन सीधे पुल के खुले हिस्से से नीचे जा गिरा। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को कार से बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। सभी घायलों का इलाज जारी है।
इस घटना के बाद निर्माणाधीन सड़क पर सुरक्षा इंतजामों और चेतावनी संकेतों को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।




