रायपुर। छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन योजना की लाभार्थी महिलाओं को आज 3 नवंबर को 33वीं किस्त की सौगात मिलने जा रही है। योजना के तहत प्रदेश की लगभग 67 लाख महिलाओं के बैंक खातों में 632 करोड़ रुपये की राशि भेजी जाएगी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस अवसर पर राशि अंतरण कार्यक्रम में शामिल होंगे।
राज्य सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत पात्र विवाहित महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। इसका उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और उन्हें अपनी जरूरतों के लिए आत्मनिर्भर बनाना है।
ई-केवाईसी पूरी करने वाली महिलाओं को मिलेगा लाभ
इस किस्त के लिए ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी कर चुकीं 67 लाख 33 हजार 502 महिलाओं को शामिल किया गया है। इसके अलावा नियद नेल्लानार क्षेत्र की 6,908 महिलाओं को योजना की 13वीं किस्त का लाभ दिया जाएगा।
अब तक 20 हजार करोड़ से ज्यादा की राशि वितरित
महतारी वंदन योजना की शुरुआत मार्च 2024 में हुई थी। अब तक 32 किस्तों के माध्यम से हितग्राहियों को 20,717.87 करोड़ रुपये वितरित किए जा चुके हैं। 33वीं किस्त के भुगतान के बाद यह आंकड़ा बढ़कर लगभग 21,350 करोड़ रुपये हो जाएगा।
महिलाएं ऐसे देख सकती हैं भुगतान की स्थिति
लाभार्थी महिलाएं महतारी वंदन योजना के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर अपने भुगतान का स्टेटस चेक कर सकती हैं। इसके लिए वेबसाइट पर उपलब्ध हितग्राही विवरण और भुगतान स्थिति से संबंधित विकल्प का उपयोग करना होगा।
आधिकारिक वेबसाइट: https://mahtarivandan.cgstate.gov.in





