महासमुंद। रोजगार की तलाश में तमिलनाडु गए महासमुंद जिले के सरायपाली क्षेत्र के श्रमिकों और उनके साथ मौजूद बच्चों को कथित तौर पर बंधक बनाए जाने के मामले में जिला प्रशासन ने कार्रवाई की है। प्रशासन की रेस्क्यू टीम ने तमिलनाडु के नमक्कल जिले में स्थानीय अधिकारियों के सहयोग से सभी को सुरक्षित मुक्त करा लिया। अब उन्हें छत्तीसगढ़ वापस लाने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
श्रम पदाधिकारी डीएन पात्र के मुताबिक, गुरुवार शाम करीब 5 बजे रेस्क्यू टीम ने स्थानीय प्रशासन के सहयोग से श्रमिकों और बच्चों को मुक्त कराया। मौके पर जरूरी प्रशासनिक और कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनके देर रात या अगले दिन महासमुंद के लिए रवाना होने की संभावना है। प्रशासन को उम्मीद है कि वे अगले दो दिनों में जिले पहुंच जाएंगे।
रोजगार के लिए गए थे तमिलनाडु
जानकारी के अनुसार, सरायपाली तहसील के ग्राम बरिहापाली निवासी पुनीत राम यादव (65), रोहित यादव (23), तेजवंती (30), उमेश यादव (11), मानसी यादव (7) और तुलसी यादव (40) रोजगार के सिलसिले में तमिलनाडु गए थे। वे नमक्कल जिले के परामती वेलुर तहसील अंतर्गत परिवेसोलीपालयम क्षेत्र में काम कर रहे थे।
बताया गया कि वहां काम पसंद नहीं आने के कारण वे वापस अपने गांव लौटना चाहते थे। आरोप है कि ठेकेदार ने उन्हें वापस जाने की अनुमति नहीं दी। इसके बाद परिवार ने प्रशासन से मदद मांगी।
पत्नी ने SDM से लगाई थी मदद की गुहार
पुनीत राम यादव की पत्नी मीना यादव ने सरायपाली के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) मनोज कुमार खांडे को आवेदन देकर अपने पति और अन्य लोगों को सुरक्षित वापस लाने की मांग की थी।
मामले की जानकारी मिलने के बाद जिला प्रशासन ने कार्रवाई शुरू की। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी विनय लंगेह के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित कर तमिलनाडु भेजी गई। टीम ने नमक्कल पहुंचकर स्थानीय प्रशासन से संपर्क किया और आवश्यक प्रक्रिया के बाद सभी को मुक्त कराया।
रेस्क्यू टीम में ये अधिकारी-कर्मचारी रहे शामिल
रेस्क्यू टीम में सरायपाली नायब तहसीलदार हरि प्रसाद भोई, लेबर इंस्पेक्टर टीकम चंद्राकर, कांस्टेबल हेमंत भोई और गायत्री कंवर शामिल रहे। टीम ने तमिलनाडु के स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय कर सभी की सुरक्षित रिहाई सुनिश्चित की।
फिलहाल प्रशासन उनकी महासमुंद वापसी के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं कर रहा है। कानूनी और प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी होते ही सभी को छत्तीसगढ़ के लिए रवाना किया जाएगा।





