धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में नेशनल हाईवे-30 पर संबलपुर के पास गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रायपुर से शव लेकर जगदलपुर जा रही एंबुलेंस अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराई और इसके बाद आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा भिड़ी। हादसे में एंबुलेंस में सवार महारानी अस्पताल जगदलपुर की नर्स शबनम खान (35) की मौत हो गई, जबकि मृतक के परिवार के तीन सदस्य घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, जगदलपुर के कंगोली डोंगरीपारा निवासी राजेंद्र खत्री (72) को इलाज के लिए रायपुर लाया गया था। अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन उनका शव एंबुलेंस से वापस जगदलपुर ले जा रहे थे। एंबुलेंस में राजेंद्र खत्री के पुत्र देवेंद्र खत्री, उनकी पत्नी उषा खत्री और बेटी मीनाक्षी घई भी सवार थे।

हादसा सुबह करीब 6:30 बजे हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि नर्स शबनम खान गंभीर रूप से घायल हो गईं और उनकी मौत हो गई। वहीं तीनों घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

बताया जा रहा है कि एंबुलेंस चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया था। चालक के मुताबिक हादसे के दौरान झपकी आने की बात सामने आई है। अर्जुनी पुलिस मामले की जांच कर रही है।

इधर, सूरजपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के पर्री गांव में भी देर रात एक हादसा हुआ। यहां बाइक सवार युवक बाइक समेत कुएं में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने शव को बाहर निकालकर मर्ग कायम किया है और मामले की जांच जारी है।