रायपुर। राजधानी रायपुर के आरंग थाना क्षेत्र में ज्वेलरी व्यापारी से लूट की कोशिश करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं, वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी फिलहाल ओडिशा की जेल में बंद है।
दुकान बंद करते समय किया था हमला
पुलिस के अनुसार, बाजार चौक स्थित गुरुकृपा ज्वेलर्स के संचालक चंद्रहास देवांगन ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 5 जून की रात करीब 8:50 बजे वह दुकान बंद कर रहे थे। इसी दौरान अचानक बिजली गुल हो गई।
तभी मोटरसाइकिल से पहुंचे तीन नकाबपोश युवकों ने उन पर स्प्रे छिड़क दिया। स्प्रे के कारण आंखों में तेज जलन हुई और व्यापारी गिर पड़े। इसके बाद आरोपियों ने सोने-चांदी के जेवर से भरा बैग छीनने का प्रयास किया।
व्यापारी के शोर मचाने और आसपास के लोगों के मौके पर पहुंचने पर आरोपी वहां से फरार हो गए। शिकायत के आधार पर आरंग थाने में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
सीसीटीवी और तकनीकी जांच से मिला सुराग
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके साथ ही साइबर सेल की मदद से टावर डंप और कॉल डिटेल रिकॉर्ड का तकनीकी विश्लेषण किया गया।
इसी बीच एक अन्य मामले में हिरासत में लिए गए संदिग्धों से पूछताछ के दौरान इस वारदात की साजिश का खुलासा हुआ।
पहले की थी रेकी, फिर बंद कराई बिजली
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने से पहले ज्वेलरी दुकान की रेकी की थी। योजना के तहत फिरोज बंजारे ने बिजली बंद की, जबकि दिव्यांश प्रतीक घिदौड़े ने आरोपियों को सूचना दी।
इसके बाद सलीम कुर्रे, रवि कुमार निषाद और आशुतोष उर्फ आशु मोहंती पल्सर मोटरसाइकिल से दुकान के पास पहुंचे और व्यापारी से जेवर से भरा बैग लूटने की कोशिश की।
चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में सलीम कुर्रे (23), फिरोज बंजारे (26), दिव्यांश प्रतीक घिदौड़े (18) और रवि कुमार निषाद (25) को गिरफ्तार किया है। पूछताछ और आवश्यक कार्रवाई के बाद सभी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, प्रकरण में शामिल एक अन्य आरोपी आशुतोष उर्फ आशु मोहंती वर्तमान में ओडिशा की जेल में बंद है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।





