अभनपुर। गोबरा नवापारा नगर के राम जानकी पारा स्थित एक शासकीय उचित मूल्य दुकान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में राशन लेने पहुंचे हितग्राहियों के साथ दुकानदार द्वारा कथित रूप से अभद्र व्यवहार किए जाने का आरोप है।
बताया जा रहा है कि हाल में बाढ़ से प्रभावित परिवारों को शासन की ओर से अतिरिक्त राशन दिया जा रहा है। इसी सिलसिले में कुछ हितग्राही राशन लेने दुकान पहुंचे थे। वायरल वीडियो में दुकानदार लोगों को दुकान से बाहर जाने की बात कहते हुए और आपत्तिजनक टिप्पणी करते सुनाई दे रहा है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी बताई जा रही है।
हालांकि, वायरल वीडियो और उसमें दिखाई दे रहे व्यक्ति की आधिकारिक पुष्टि अभी संबंधित विभाग की ओर से नहीं की गई है। मामले को लेकर अभनपुर एसडीएम रवि सिंह ने बताया कि संबंधित विभाग के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। अब जांच के बाद आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।





