गोबरा नवापारा। पुलिस ने संदिग्ध रूप से कबाड़ का परिवहन किए जाने के मामले में कार्रवाई करते हुए एक ट्रक को पकड़ा है। वाहन में 30 टन से अधिक पुराना लोहा और स्क्रैप भरा हुआ था। पुलिस ने ट्रक समेत पूरे माल को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम ने जांच के दौरान ट्रक क्रमांक CG 07 BS 0267 को रोका। वाहन चालक से ट्रक में लदे कबाड़ के संबंध में बिल, रसीद और परिवहन से जुड़े दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई संतोषजनक कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।

कोड़की से लोड किया गया था कबाड़

पूछताछ में चालक ने बताया कि कबाड़ को ग्राम कोड़की से ट्रक में लोड किया गया था। वाहन मालिक के निर्देश पर माल को नवापारा लाया जा रहा था। पुलिस के मुताबिक, चालक से दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कहा गया, लेकिन मौके पर किसी तरह का वैध दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराया गया।

करीब 23 लाख रुपये का माल जब्त

पुलिस ने ट्रक में लदे कबाड़ का वजन कराया, जिसमें कुल 30,335 किलो स्क्रैप पाया गया। जब्त ट्रक और कबाड़ की कुल कीमत करीब 23 लाख रुपये आंकी गई है।

दस्तावेज नहीं मिलने और माल के स्रोत को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं होने पर पुलिस ने कबाड़ को संदिग्ध मानते हुए जब्त कर लिया। मामले में संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है और कबाड़ के स्रोत व मालिकाना हक की भी जांच की जा रही है।