रायपुर। महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप मामले की जांच में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने टीवी होस्ट और स्पोर्ट्स एंकर शेफाली बग्गा से रायपुर स्थित अपने जोनल कार्यालय में पूछताछ की। जांच एजेंसी को आशंका है कि उनका इस मामले के प्रमुख आरोपियों में शामिल खंजन जगदीश कुमार ठक्कर से संबंध हो सकता है।

ईडी के मुताबिक, खंजन जगदीश कुमार ठक्कर महादेव ऑनलाइन बुक नेटवर्क के लिए कथित तौर पर हवाला लेन-देन का संचालन करता था और भारत में इसके वित्तीय नेटवर्क को संभालता था। एजेंसी को यह भी संदेह है कि शेफाली बग्गा दुबई और लंदन जैसे विदेशी शहरों से संचालित ऑनलाइन बेटिंग प्लेटफॉर्म के प्रचार-प्रसार से जुड़ी रही हैं।

ऐप के प्रचार और टिप्स देने का आरोप

जांच के दौरान ईडी को कुछ डिजिटल साक्ष्य और प्रचार सामग्री मिली है। एजेंसी का दावा है कि इनमें शेफाली बग्गा कथित रूप से ऑनलाइन बेटिंग ऐप का प्रचार करती हुई दिखाई देती हैं। साथ ही खिलाड़ियों को बेटिंग से जुड़े सुझाव (टिप्स) देने के भी आरोप लगाए गए हैं।

टेलीग्राम चैनल भी जांच के दायरे में

ईडी का कहना है कि शेफाली बग्गा का एक टेलीग्राम चैनल भी जांच के दायरे में है। एजेंसी के अनुसार, इस चैनल के माध्यम से कथित तौर पर अवैध ऑनलाइन बेटिंग से जुड़े प्रचार और अन्य गतिविधियां संचालित की जाती थीं।

फिलहाल ईडी पूरे मामले की जांच में जुटी है। पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।