गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। जिले के गैस सिलेंडर उपभोक्ताओं के लिए खाद्य विभाग ने महत्वपूर्ण जानकारी जारी की है। जिला खाद्य अधिकारी के अनुसार, होम डिलीवरी के साथ गैस सिलेंडर की कुल कीमत 1030 रुपये निर्धारित है। इसमें वितरक द्वारा सिलेंडर उपभोक्ता के घर तक पहुंचाने का सेवा शुल्क भी शामिल है।

वहीं, यदि कोई उपभोक्ता गैस एजेंसी से स्वयं सिलेंडर लेने जाता है तो उसे 995 रुपये ही भुगतान करना होगा। ऐसे उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी के लिए निर्धारित अतिरिक्त 35 रुपये नहीं देने होंगे।

ऑनलाइन ₹1030 जमा किए हैं तो मिलेंगे ₹35 वापस

खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिन उपभोक्ताओं ने ऑनलाइन माध्यम से पहले ही 1030 रुपये का भुगतान कर दिया है और वे सिलेंडर लेने स्वयं एजेंसी पहुंचते हैं, उन्हें वितरक एजेंसी से 35 रुपये की रिबेट मिलेगी।

उपभोक्ताओं को यह भी सलाह दी गई है कि पंजीकृत मोबाइल नंबर पर प्राप्त DAC नंबर सिलेंडर की डिलीवरी मिलने के बाद ही वितरक को दें। इससे सिलेंडर की डिलीवरी से संबंधित प्रक्रिया सुरक्षित तरीके से पूरी की जा सकेगी।

शिकायत होने पर यहां कर सकेंगे संपर्क

गैस सिलेंडर की कीमत, डिलीवरी या रिबेट को लेकर किसी तरह की समस्या होने पर उपभोक्ता संबंधित गैस कंपनी के सेल्स ऑफिसर के पास शिकायत दर्ज करा सकते हैं। खाद्य विभाग ने उपभोक्ताओं से निर्धारित राशि का ही भुगतान करने और सिलेंडर प्राप्त करते समय आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।