कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक ने अपनी लिव-इन पार्टनर की मारपीट कर हत्या कर दी और वारदात छिपाने के लिए शव को घर की बाड़ी में बने सेप्टिक टैंक में डाल दिया। महिला के कई दिनों तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने तलाश शुरू की, जिसके बाद मामले का खुलासा हुआ।
घटना श्यांग थाना क्षेत्र के बरपाली गांव की है। पुलिस के मुताबिक, 33 वर्षीय संतोषी आरोपी मनोज उरांव के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। बताया जा रहा है कि मनोज नशे का आदी था और दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।
27 अगस्त को विवाद के बाद मारपीट का आरोप
जानकारी के अनुसार, 27 अगस्त को संतोषी और मनोज के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के दौरान मनोज ने संतोषी के साथ मारपीट की। गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई।
इसके बाद आरोपी ने शव को छिपाने के लिए घर की बाड़ी में बने सेप्टिक टैंक में डाल दिया। आरोप है कि वह इसके बाद भी संतोषी के भाइयों और अन्य परिजनों को उसकी मौजूदगी को लेकर गुमराह करता रहा।
सेप्टिक टैंक से दुर्गंध आने पर खुला राज
परिजनों को संतोषी के लंबे समय तक संपर्क में नहीं आने पर शक हुआ। तलाश के दौरान वे आरोपी के घर पहुंचे। यहां बाड़ी में बने सेप्टिक टैंक का ढक्कन खुला दिखाई दिया और वहां से तेज दुर्गंध आ रही थी।
टैंक के अंदर देखने पर महिला का शव दिखाई दिया। इसके बाद परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
दंडाधिकारी की मौजूदगी में निकाला गया शव
सूचना मिलने पर श्यांग थाना पुलिस मौके पर पहुंची। कार्यपालिक दंडाधिकारी की मौजूदगी में शव को सेप्टिक टैंक से बाहर निकलवाया गया और पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से महिला की मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि होगी। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
आरोपी मनोज उरांव की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार, आरोपी मनोज उरांव फरार है। उसके 5 सितंबर से लापता होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस संभावित ठिकानों पर उसकी तलाश कर रही है।
फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





