रायगढ़। जमीन फर्जीवाड़े से जुड़े दो अलग-अलग मामलों में फरार चल रहे तत्कालीन पटवारी राकेश साय को कापू पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर पंडो जनजाति की जमीन को कथित रूप से फर्जी दस्तावेजों के जरिए बेचने और शासकीय भूमि का फर्जी पट्टा तैयार कर रजिस्ट्री कराने जैसे गंभीर आरोप हैं।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक लैपटॉप और प्रिंटर भी जब्त किया है। आशंका है कि इनका इस्तेमाल संबंधित दस्तावेज तैयार करने में किया गया होगा। पुलिस अब जब्त इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की भी जांच कर रही है।
पंडो जनजाति की जमीन बेचने का आरोप
पुलिस के अनुसार, पहला मामला ग्राम डुमरनारा की खसरा नंबर 409 की जमीन से जुड़ा है। यह भूमि पहले पंडो जनजाति के सदस्यों के नाम राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज थी।
जांच में सामने आया कि वर्ष 2023-24 के अभिलेखों में बिना सक्षम अधिकारी के आदेश के जमीन को सुखन पिता बजरंग, जाति रावत के नाम दर्ज कर दिया गया। इसके बाद 21 फरवरी 2024 को उक्त भूमि को रायपुर निवासी संतोष देवी गुप्ता के नाम रजिस्टर्ड विक्रय पत्र के माध्यम से बेच दिया गया।
जांच में यह भी सामने आया कि विक्रेता के रूप में प्रस्तुत व्यक्ति की पहचान कथित रूप से सुखन राठिया पिता धनाराम, जाति कंवर के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, दस्तावेजों में फर्जी आधार कार्ड के इस्तेमाल की बात भी सामने आई है।
तत्कालीन हल्का पटवारी राकेश साय पर जमीन की बिक्री के लिए चौहद्दी उपलब्ध कराने का आरोप है। तहसीलदार कापू की रिपोर्ट के आधार पर इस मामले में थाना कापू में अपराध क्रमांक 108/2026 दर्ज किया गया है।
शासकीय जमीन का फर्जी पट्टा तैयार करने का आरोप
दूसरा मामला ग्राम पंचायत रायमेर की शासकीय जमीन से जुड़ा है। आरोप है कि सरकारी भूमि को कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर निजी व्यक्तियों के नाम दर्ज कर फर्जी पट्टा तैयार किया गया और बाद में दलालों के माध्यम से उसकी रजिस्ट्री करा दी गई।
जांच में खसरा नंबर 467/23, 467/25 और 467/36 की शासकीय भूमि के रिकॉर्ड में कथित रूप से अवैध बदलाव किए जाने की जानकारी सामने आई है।
इस मामले में तत्कालीन पटवारी राकेश साय समेत अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। एसडीएम धरमजयगढ़ के निर्देश पर तहसीलदार कापू की जांच रिपोर्ट के आधार पर थाना कापू में अपराध क्रमांक 131/2026 दर्ज किया गया है।
गनपतपुर से पकड़ा गया आरोपी
दोनों मामलों में अपराध दर्ज होने के बाद राकेश साय फरार चल रहा था। पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कापू पुलिस ने ग्राम गनपतपुर क्षेत्र में घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अब मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। साथ ही फरार या संदिग्ध आरोपियों की तलाश भी जारी है।





