मुंगेली। जिले के लोरमी थाना क्षेत्र के ग्राम नवलपुर में हुए दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, पैतृक जमीन के बंटवारे और खेत की मेड़ को लेकर चल रहे विवाद में छोटे भाई नंदु कश्यप ने अपने बड़े भाई नंदकुमार कश्यप और भाभी गौरी बाई कश्यप की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी।
मृतकों की पहचान नंदकुमार कश्यप (56) और उनकी पत्नी गौरी बाई कश्यप (52) के रूप में हुई है। आरोपी नंदु कश्यप (46) मृतक नंदकुमार का सगा छोटा भाई है।
50 डिसमिल जमीन को लेकर चल रहा था विवाद
जानकारी के अनुसार, परिवार की करीब आठ एकड़ पैतृक जमीन में माता-पिता के हिस्से की 50 डिसमिल भूमि को लेकर दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। पुलिस जांच में सामने आया कि 16 अगस्त को खेत की मेड़ काटे जाने के बाद विवाद और बढ़ गया था।
आरोप है कि मेड़ टूटने से नंदु कश्यप के खेत की खाद बह गई थी, जिसके बाद उसने भाई से रंजिश पाल ली।
रात में घर में घुसकर किया हमला
पुलिस के मुताबिक, 19 अगस्त की रात आरोपी घर की बाउंड्री पार कर अंदर दाखिल हुआ। उस समय नंदकुमार और गौरी बाई बरामदे में सो रहे थे। आरोपी ने कथित रूप से कुल्हाड़ी से दोनों पर कई वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के बाद आरोपी ने घटनास्थल को चोरी या लूट जैसा दिखाने की कोशिश भी की।
पुलिस को गुमराह करने का आरोप
जांच में सामने आया कि हत्या के बाद आरोपी ने कमरे और अलमारी को खोल दिया। इसके बाद कथित रूप से कुल्हाड़ी को धोया और घर के बाहर ताला लगाकर वहां से फरार हो गया।
24 अगस्त को जब मृतक दंपती के बेटे बिलासपुर से लौटे तो घर बंद मिला। ताला तोड़कर अंदर जाने पर दोनों के शव मिले, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
शॉर्ट पीएम रिपोर्ट से हत्या की पुष्टि
मामले में बिलासपुर सिम्स से मिली शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद लोरमी पुलिस ने बीएनएस की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच तेज की।
पूछताछ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने नंदु कश्यप को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है।
आरोपी भेजा गया जेल
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।





