कोरिया। जिले में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस ने विशेष वाहन जांच अभियान चलाया। 5 अक्टूबर की रात विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ की गई कार्रवाई के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 30 मामलों में कुल 48 हजार 100 रुपये का जुर्माना वसूला गया। इस दौरान तेज आवाज वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगी चार बुलेट मोटरसाइकिलों पर भी कार्रवाई की गई।

चार बुलेट पर 5-5 हजार रुपये का जुर्माना

पुलिस के अनुसार बैकुंठपुर, बचरा पोंड़ी, पटना, चरचा, सोनहत और जिला यातायात पुलिस की टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर वाहनों की जांच की। बैकुंठपुर पुलिस ने पटाखे जैसी तेज आवाज निकालने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगी चार बुलेट मोटरसाइकिलों को जब्त किया। प्रत्येक चालक पर 5 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया और मानक साइलेंसर लगाने की हिदायत दी गई।

लाइसेंस, फिटनेस और हेलमेट की भी हुई जांच

अभियान के दौरान पुलिस ने ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन फिटनेस, नंबर प्लेट, हेलमेट और सीट बेल्ट समेत अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की। जिला यातायात पुलिस ने 20 प्रकरणों में 25,200 रुपये का शमन शुल्क वसूला, जबकि 14 मामलों में ई-चालान की कार्रवाई की गई। बिना फिटनेस और ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात करने वाले एक ऑटो चालक पर 5 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

पिकअप वाहनों पर भी कार्रवाई

परमिट नियमों का उल्लंघन कर मालवाहक वाहनों में असुरक्षित तरीके से सवारी बैठाने वाले दो पिकअप वाहनों पर 14 हजार रुपये की कार्रवाई की गई। इसके अलावा बिना नंबर प्लेट, बिना हेलमेट, तीन सवारी और नो-पार्किंग समेत अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी चालानी कार्रवाई की गई।

पुलिस ने वाहन चालकों से तेज आवाज वाले मॉडिफाइड साइलेंसर का इस्तेमाल नहीं करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा और यातायात अनुशासन बनाए रखने के लिए ऐसे जांच अभियान आगे भी जारी रहेंगे।