कोरबा। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के लक्ष्मणबंध इलाके में 40 वर्षीय महिला ने फांसी लगाकर जान दे दी। महिला की पहचान लक्ष्मी मानिकपुरी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घटना से पहले घर में पारिवारिक विवाद हुआ था। महिला ने मौत से पहले अपने मोबाइल से एक वीडियो बनाकर बहनों को भेजा था। वहीं कमरे की दीवार पर हाथ से लिखा संदेश भी मिला है, जिसमें बहू और उसके मायके पक्ष पर प्रताड़ना का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, लक्ष्मी मानिकपुरी लक्ष्मणबंध इलाके में रहती थीं और उनका मायका आरामशीन पारा बस्ती में है। कोरोना काल में उनके पहले पति की मौत हो गई थी। पहले पति से उनके दो बेटे हैं। इसके बाद लक्ष्मी ने 13 जून 2025 को सामाजिक रीति-रिवाज से कार्तिक दास से दूसरी शादी की थी। कार्तिक दास ठेकेदारी का काम करते हैं और उनकी पहली पत्नी से भी दो बेटे हैं।
घर में चल रहा था पारिवारिक विवाद
परिजनों के मुताबिक, परिवार में पिछले कुछ समय से विवाद की स्थिति बनी हुई थी। लक्ष्मी और उनकी बहू पूर्णिमा महंत के बीच भी कथित तौर पर विवाद होता था। घटना से पहले पति, बेटे और बहू के साथ कहासुनी होने की बात सामने आई है। पारिवारिक विवाद से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आने की जानकारी है।
बताया जा रहा है कि इस घटनाक्रम से लक्ष्मी काफी परेशान थीं। 27 अगस्त को उन्होंने कथित तौर पर आत्मघाती कदम उठाया। इससे पहले उन्होंने मोबाइल से वीडियो बनाकर अपनी बहनों को भेजा था।
दीवार पर मिला हाथ से लिखा संदेश
घटना की सूचना मिलने के बाद कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। कमरे की जांच के दौरान दीवार पर हाथ से लिखा संदेश मिला। इसमें महिला ने अपनी बहू पूर्णिमा महंत और उसके मायके पक्ष पर प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। साथ ही पति को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार नहीं बताया गया है।
हालांकि, दीवार पर लिखे संदेश और उसमें लगाए गए आरोपों की सत्यता अभी पुलिस जांच का विषय है।
हैंडराइटिंग एक्सपर्ट से होगी लिखावट की जांच
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के मुताबिक, पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। दीवार पर मिली लिखावट की पुष्टि के लिए हैंडराइटिंग एक्सपर्ट की मदद ली जाएगी। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार कर रही है। जांच और रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।





