बिलासपुर। शहर के पुराने बस स्टैंड क्षेत्र स्थित एक लॉज में कोरबा के ट्रांसपोर्टर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक का शव शारदा लॉज के कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान प्रदीप जायसवाल के रूप में हुई है। वह कोरबा जिले के दीपका का रहने वाला बताया जा रहा है और ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़ा था। प्रदीप बिलासपुर के पुराने बस स्टैंड स्थित शारदा लॉज में ठहरा हुआ था। कमरे में उसका शव मिलने के बाद लॉज प्रबंधन ने पुलिस को इसकी जानकारी दी।
कमरे से मिला सुसाइड नोट
पुलिस को कमरे की तलाशी के दौरान एक सुसाइड नोट भी मिला है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, नोट में प्रदीप ने मानसिक तनाव में होने का जिक्र किया है। साथ ही उसने अपने इस कदम को लेकर परिवार के सदस्यों से माफी मांगी है। पुलिस ने सुसाइड नोट को जब्त कर जांच में शामिल कर लिया है।
आत्महत्या की वजह तलाश रही पुलिस
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रदीप बिलासपुर कब और किस काम से आया था तथा आत्महत्या के पीछे वास्तविक कारण क्या रहे, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस परिजनों और संबंधित लोगों से भी जानकारी जुटा रही है। मामले में जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।





