कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में गुरुवार को दर्दनाक हादसा हो गया। पाली थाना क्षेत्र के नुनेरा गांव में तालाब में नहाने गईं तीन मासूम सहेलियों की डूबने से मौत हो गई। मृत बच्चियों की पहचान इंदु अगरिया (7), राखी (8) और साधना (8) के रूप में हुई है। तीनों एक ही बस्ती की रहने वाली थीं और कक्षा पहली में पढ़ती थीं। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
स्कूल नहीं गई थीं तीनों बच्चियां
जानकारी के अनुसार, तीनों बच्चियों के परिजन काम पर गए हुए थे। इस दौरान बच्चियां स्कूल जाने के बजाय दोपहर में गांव के तालाब में नहाने पहुंच गईं। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की।
तालाब किनारे मिले कपड़े और चप्पल
तलाश के दौरान ग्रामीण तालाब के पास पहुंचे, जहां किनारे बच्चियों के कपड़े और चप्पल मिले। इसी बीच तालाब में इंदु का शव तैरता दिखाई दिया। इसकी सूचना तत्काल परिजनों और पुलिस को दी गई। इसके बाद अन्य दोनों बच्चियों की तलाश शुरू की गई।
काफी मशक्कत के बाद मिले बाकी दो शव
सूचना मिलने पर पाली थाना प्रभारी मनोज कौशिक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और ग्रामीणों ने तालाब में खोजबीन की। काफी मशक्कत के बाद राखी और साधना के शव भी पानी से बाहर निकाले गए। पुलिस ने तीनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एक-दूसरे को बचाने के दौरान हादसे की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जिस समय तीनों बच्चियां तालाब में नहा रही थीं, वहां कोई अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं था। आशंका जताई जा रही है कि एक बच्ची गहरे पानी में डूबने लगी होगी और उसे बचाने के प्रयास में बाकी दोनों भी गहराई में चली गईं। हालांकि घटना की वास्तविक परिस्थितियों की जांच पुलिस कर रही है।
तीन मासूम बच्चियों की एक साथ मौत से उनके परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।





