कोंडागांव। जिले के मोहपाल गांव के सरपंच मंगल सिंह मरकाम की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आपसी रंजिश और प्रेम प्रसंग के संदेह में आरोपियों ने पहले से योजना बनाकर सरपंच पर हमला किया था। वारदात के बाद आरोपियों ने शव को जंगल में छोड़ दिया और रातभर आसपास मौजूद रहे। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल डंडा और लोहे का रॉड भी बरामद किया है।
29-30 सितंबर की रात हुई वारदात
मामला 29 और 30 सितंबर की दरम्यानी रात का है। 30 सितंबर की सुबह करीब 8:30 बजे सीएचसी फरसगांव से बड़ेडोंगर पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम मोहपाल के वर्तमान सरपंच मंगल सिंह मरकाम की मारपीट कर हत्या कर दी गई है। सूचना के बाद पुलिस, एफएसएल और साइबर टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
प्रेम प्रसंग के शक में रची गई हमले की योजना
पुलिस जांच में सामने आया कि सरपंच का आरोपी परिवार की एक महिला से प्रेम संबंध होने का संदेह था। इसी बात को लेकर आरोपियों में रंजिश थी। पुलिस के अनुसार, मिट्ठू राम नेताम, श्रवण कुमार नेताम, अमित कुमार नेताम, लखन नेताम, नवलू वट्टी, राकेश मण्डावी और प्रभु लाल नेताम ने मिलकर सरपंच पर हमला करने की योजना बनाई।
जंगल के रास्ते में घात लगाकर बैठे थे आरोपी
पुलिस के मुताबिक आरोपियों को जानकारी थी कि सरपंच 29 सितंबर को उस रास्ते से गुजरने वाले हैं। इसके बाद सभी आरोपी पगडंडी मार्ग और नदी किनारे जंगल में पहले से घात लगाकर बैठ गए। जैसे ही मंगल सिंह मरकाम वहां पहुंचे, आरोपियों ने उन्हें पकड़ लिया और हाथ, थप्पड़, चप्पल, डंडे व लोहे के रॉड से मारपीट की।
हाथ बांधकर पीटा, फिर कंबल से ढंका
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने सरपंच के हाथ बांध दिए और लगातार हमला करते रहे। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें घटनास्थल से करीब 60 मीटर दूर ले जाकर कंबल से ढंक दिया गया। इसके बाद आरोपी सड़क किनारे आग जलाकर रातभर वहीं रुके रहे और सुबह करीब 5 से 5:30 बजे के बीच फरार हो गए।
अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
सुबह परिजनों ने मंगल सिंह मरकाम को घायल अवस्था में देखा और उन्हें इलाज के लिए सीएचसी फरसगांव ले गए। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद बड़ेडोंगर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई।
सात आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजे गए
पुलिस ने मामले में मिट्ठू राम नेताम (45), श्रवण कुमार नेताम (20), अमित कुमार नेताम (20), लखन नेताम (25), नवलू वट्टी (28), राकेश मण्डावी (21) और प्रभु लाल नेताम (20) को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी ग्राम मोहपाल के रहने वाले हैं। सातों को 1 अक्टूबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर पेश किया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।





