कोण्डागांव। जिले में जुआ और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोण्डागांव पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना कोण्डागांव और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने ग्राम केंवटी के जंगल में दबिश देकर जुआ खेल रहे सात लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से नकदी, ताश के पत्ते, मोबाइल फोन और छह दोपहिया वाहन समेत करीब 2 लाख 1 हजार 100 रुपये की सामग्री जब्त की है।

पुलिस के मुताबिक, 21 अगस्त को सूचना मिली थी कि ग्राम केंवटी के जंगल में कुछ लोग ताश के पत्तों पर रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही संयुक्त टीम को मौके के लिए रवाना किया गया। पुलिस ने जंगल में घेराबंदी कर सात लोगों को जुआ खेलते पकड़ लिया।

7,100 रुपये नकद और पांच मोबाइल बरामद

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 7,100 रुपये नकद, 52 ताश के पत्ते, पांच मोबाइल फोन और छह दोपहिया वाहन जब्त किए। पुलिस के अनुसार जब्त सामान की कुल अनुमानित कीमत 2,01,100 रुपये है।

मामले में सातों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 3 के तहत थाना कोण्डागांव में प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

ये सात आरोपी किए गए गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में उत्तम पटेल (33), विष्णु दास सोनी (27), महेश मरकाम (27), मंगतराम कोर्राम (26), अर्जुन बघेल (26), विकास ठाकुर (36) और कमलेश सोनी (28) शामिल हैं। सभी आरोपी कोण्डागांव जिले के अलग-अलग क्षेत्रों के रहने वाले बताए गए हैं।

पुलिस और साइबर टीम ने की संयुक्त कार्रवाई

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपील चन्द्रा के मार्गदर्शन और एसडीओपी कोण्डागांव रूपेश कुमार के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी सौरभ उपाध्याय, सहायक उप निरीक्षक पिताम्बर कठार, प्रधान आरक्षक नरेन्द्र देहारी सहित साइबर शाखा के प्रधान आरक्षक अजय बघेल, प्रशांत जुर्री तथा आरक्षक संतोष कोड़ोपी, बिरजू सोरी और चन्दन सोरी की भूमिका रही।